देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। संथली गांव में मात्र तीन महीने पहले बनाई गई सड़क काफी जगह से टूट चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे गांव के लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है। सड़क की गुणवत्ता की जांच करवाने की माँग की गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। विधायक को भी इस बारे में सूचित किया गया था, मगर अभी तक उनकी ओर से कोई समाधान नहीं मिला है। गांव में पहले सीवेज और पानी की पाइपलाइन बिछाने की योजना भी बनी थी, लेकिन वह कार्य भी अधूरा ही पड़ा है। संथली गांव के निवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से एक बार फिर आग्रह किया है कि सड़क की तत्काल मरम्मत करवाई जाए और अधूरी पाइपलाइन योजना को पूरा किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।



