दुकानों से गल्ले साफ करने वाली शातिर महिला चोर गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद।
देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। स्थानीय पुलिस थाना देवली द्वारा चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सफलता हासिल करते हुए दुकानों के गल्लों से नकदी व सामान चुराने वाली शातिर महिला चोर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से चोरी गई नकदी और सामान भी बरामद किया है।
मामले की जानकारी देते हुए देवली थानाधिकारी प्रीति रतनू ने बताया कि 14 अक्टूबर 2026 को देवली बस स्टैंड, पटवा बाजार तथा पेट्रोल पंप के पास स्थित एक टेंट हाउस की दुकान के गल्ले से अज्ञात महिला द्वारा नकदी व सामान पार करने की घटना सामने आई थी। इस संबंध में 17 अक्टूबर को प्रकरण संख्या 174/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कस्बा देवली में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर 18 अक्टूबर 2026 को आरोपी महिला की पहचान काजल पत्नी सुरेन्द्रसिंह (उम्र 27 वर्ष, निवासी- भुतिया खाल की गली, बालचंद का पाड़ा, बूंदी) के रूप में की गई। महिला के चतुर, चालाक व शातिर नकबजन होने पर उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से 1100 रुपये नकद और 1 ईयर बड्स सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक टोंक रोशन मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मालपुरा पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी एवं पुलिस उप अधीक्षक देवली मदन ढाका के निर्देशन तथा थानाधिकारी प्रीति रतनु के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में अब्दुल वहाब,कुलदीप सिंह,मोहम्मद ईस्माइल प्रियंका,नीलम व शंकरलाल शामिल रहे।








