Deolikhabarexpress

*फाल्गुन एकादशी पर ‘रंग रंगीलो फागोत्सव 2026’ में उमड़ा जनसैलाब।

* श्याम भक्तों ने जमकर खेली फूलों-गुलाल की होली।

 

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। फाल्गुन एकादशी के पावन अवसर पर श्री श्याम मंदिर, सिरीही धाम, देवली में आयोजित “रंग रंगीलो फागोत्सव 2026” एवं भजन संध्या का कार्यक्रम अत्यंत भव्य और भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन में हजारों की संख्या में श्याम भक्त उपस्थित रहे और पूरे परिसर में भक्तिरस की सरिता बहती रही। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य दरबार एवं अखंड ज्योत प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात छप्पन भोग अर्पित कर श्याम बाबा की विशेष पूजा-अर्चना की गई। फागुन की मस्ती में रंगे श्रद्धालुओं ने होली के पारंपरिक भजनों पर जमकर नृत्य किया। फूलों और गुलाल से खेली गई होली ने पूरे वातावरण को रंगमय और आनंदमय बना दिया। प्रसिद्ध भजन गायकों नितिन मंगल (देवली), रानू सेन (सवाई माधोपुर) , तनुश्री (चित्तौड़गढ़) एवं राहुल अग्रवाल (देवली) ने एक से बढ़कर एक फाग एवं श्याम भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। “रंग रंगीलो फागोत्सव” के दौरान श्याम नाम के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। आयोजन समिति ने सभी श्याम प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फाल्गुन माह में इस प्रकार के आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज में प्रेम, सौहार्द एवं भक्ति का संदेश देते हैं। कार्यक्रम देर रात तक उल्लास एवं श्रद्धा के साथ चलता रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top