देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। देवली क्षेत्र में विद्युत निगम कर्मचारियों की लापरवाही का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक को अपनी जान जोखिम में डालकर गंभीर रूप से झुलसना पड़ा। इसे लेकर रविवार को डॉ. अम्बेडकर विचार मंच देवली की ओर से मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम देवली को ज्ञापन दिया गया। इसमें बताया कि गर 2 जून को रघुनाथपुरा में विद्युत लाइन ठीक करते समय यह हादसा हुआ। जेवीवीएनएल देवली के लाइनमैन जय शेखर ने धनराज बैरवा को लाइन काटने का आश्वासन देकर पोल पर चढ़ाया था, लेकिन कार्य के दौरान ही अचानक विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गई। करंट की चपेट में आने से धनराज बुरी तरह झुलस गया और नीचे गिर गया, जिसके बाद दोषी लाइनमैन मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद पीड़ित को गंभीर अवस्था में देवली चिकित्सालय लाया गया, जहाँ से नाजुक हालत के चलते उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस दुखद घटना में धनराज के दोनों हाथ कट चुके हैं और उसका एक पैर भी कटने की कगार पर है। संस्था ने बताया कि धनराज अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य है और उसकी तीन छोटी बेटियां हैं, जिनकी जिम्मेदारी अब संकट में है। इस मामले में डॉ. अम्बेडकर विचार मंच ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी लाइनमैन सहित और कर्मचारियों को निलंबित करने, पीड़ित को 50 लाख रुपए का उचित मुआवजा देने और उपचार व पुनर्वास के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही पीड़ित या उसकी पत्नी को सरकारी नौकरी देने की भी पुरजोर मांग की गई है। संस्था ने चेतावनी दी है कि यदि 12 जून तक इन मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रशासन की जिम्मेदारी पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।







