ब्लॉक स्तर पर साक्षरता दिवस मनाया गया।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। ब्लॉक स्तर पर 8 सितंबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्थापक अधिकारी रामदयाल बैरवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में साक्षरता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वीटी एवं लर्नर्स को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए लर्नर्स के रूप में सदा कंवर तथा वीटी के रूप में राहुल चौधरी को सम्मानित किया गया। वहीं अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर साक्षरता प्रभारी जसराज कंवर, जूनियां एवं रामरतन कुमावत, डाबर कला को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नव भारत साक्षरता कार्यक्रम (NILP) के अंतर्गत साक्षरता के व्यापक उद्देश्यों पर चर्चा की गई। ब्लॉक कोऑर्डिनेटर धर्मराज नागर ने उपस्थित लोगों को क्रिटिकल साक्षरता के प्रमुख बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साक्षरता का उद्देश्य केवल पढ़ना-लिखना सीखना ही नहीं, बल्कि व्यक्ति को जानकारी को समझने, सही-गलत का विश्लेषण करने, निर्णय लेने, दैनिक जीवन में पढ़ने-लिखने व गणना के कौशल का उपयोग करने तथा अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने क्रिटिकल साक्षरता के अंतर्गत पठन-पाठन एवं लेखन कौशल, संख्यात्मक ज्ञान, दैनिक जीवन में साक्षरता का उपयोग, सूचना को समझने एवं उसका विश्लेषण करने की क्षमता, डिजिटल एवं वित्तीय जागरूकता, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जानकारी तथा सामाजिक एवं नागरिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने साक्षरता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *