देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। पुलिस थाना देवली की टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी किए गए ट्रैक्टर को बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक टोंक रोशन मीणा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मालपुरा पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी एवं पुलिस उप अधीक्षक देवली मदनलाल के निर्देशन में पुलिस थाना देवली की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को गोपाल सिंह सजनी ने प्रकरण संख्या 250/2026 के तहत थाना देवली में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि स्वराज 735 ट्रैक्टर, जिसे सुरक्षा के लिए कार्यालय वृत्ताधिकारी देवली परिसर में खड़ा किया गया था, अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। इसके बाद 29 सितंबर 2026 को थाना देवली में प्रकरण संख्या 254/2026 दर्ज कर टीम का गठन किया गया तथा चोरी हुए ट्रैक्टर की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 30 सितंबर 2026 को ग्राम बिशनपुरा क्षेत्र, थाना हिंडोली क्षेत्र से चोरी गया स्वराज 735 ट्रैक्टर बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में मुल्जिम की पहचान कर ली गई है। आरोपी की तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा प्रयास जारी हैं। पुलिस ने शीघ्र ही पूरी घटना का खुलासा करने की बात कही है।





