आवा ग्राम में श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन धूमधाम से संपन्न हुआ रुक्मणी विवाह, भक्ति रस में झूमे श्रद्धालु।
देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। निकटवर्ती ग्राम आवा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह के छठे दिन रुक्मणी विवाह प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण और सजीव वर्णन किया गया। कथा व्यास पूज्य पंडित ऋषिराज शर्मा के मुखारविंद से कथा का रसपान करने के लिए पांडाल में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कथा के छठे दिवस पर पंडित ऋषिराज शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न बाल-लीलाओं, कंस वध, मथुरा गमन और द्वारका स्थापना के प्रसंगों का मार्मिक चित्रण किया। इसके उपरांत उन्होंने जैसे ही श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह का प्रसंग सुनाया, पूरा पांडाल ‘द्वारकाधीश भगवान की जय’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। कथा वाचक ने प्रवचन देते हुए कहा कि रुक्मणी और भगवान श्रीकृष्ण का विवाह केवल सांसारिक संबंध नहीं, बल्कि जीवात्मा का परमात्मा से अलौकिक मिलन है। रुक्मणी ने बिना देखे केवल भगवान के गुणों को सुनकर उन्हें अपना सर्वस्व मान लिया था, जो अनन्य और निष्काम भक्ति का सर्वोच्च उदाहरण है। इस अवसर पर कथा पांडाल में भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मणी के विवाह की मनमोहक झांकी सजाई गई। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ भगवान की बारात निकाली गई, जिस पर उपस्थित भक्तजनों ने पुष्पवर्षा की। विवाह के पारंपरिक मंगल गीतों और भजनों पर महिला एवं पुरुष श्रद्धालु जमकर झूमे और भावविभोर होकर नृत्य किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य यजमान सहित समस्त ग्रामवासियों ने व्यासपीठ का पूजन-अर्चन कर आरती उतारी। कथा विश्राम पर सभी उपस्थित भक्तों को माखन-मिश्री व छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया।






