देवली में डांडिया महोत्सव के चौथे दिन नारी शक्ति और डिजिटल जागरूकता का संदेश।
देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। नगर पालिका देवली द्वारा आयोजित नौ दिवसीय डांडिया महोत्सव के चौथे दिन भक्ति, उत्साह और सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। पंकज जैन ने बताया की कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि पार्षद गोविंदराम माली, दिनेश जैन एवं नीलू जैन सहित समिति के सदस्यों ने माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। महोत्सव के चौथे दिन आयोजित विशेष कार्यक्रमों में नारी सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया गया। मारुति मार्शल आर्ट एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन कर महिलाओं एवं बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
प्रदर्शन के माध्यम से बताया गया कि वर्तमान समय में नारी कमजोर नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, साहस और क्षमता से भरपूर शक्ति है। आत्मरक्षा के गुर सीखकर महिलाएं विपरीत परिस्थितियों का सामना अधिक आत्मविश्वास के साथ कर सकती हैं। इसके पश्चात कालिका टीम द्वारा महिलाओं को मोबाइल में उपयोगी ऐप डाउनलोड करने तथा उनके इस्तेमाल की जानकारी दी गई। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को डिजिटल तकनीक के प्रति जागरूक करने और उन्हें तकनीक का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान डांडिया और गरबा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। दिन-प्रतिदिन महोत्सव में लोगों की भागीदारी बढ़ रही है और चौथे दिन भी आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भक्ति संगीत, डांडिया की धुन और उत्सव के उल्लास के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। डांडिया महोत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, नारी सशक्तीकरण और डिजिटल शिक्षा का संदेश भी दिया जा रहा है।








