देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। आर.आर. कॉलेज ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंस, देवली ने डीन डॉ. आर.एस. राठौर और निदेशिका नीलू अग्रवाल के सशक्त नेतृत्व में मां बिजासन गौशाला, कुचालवाड़ा में एक विशेष निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया। यह शिविर केवल चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि पशुओं के प्रति गहन प्रेम, अपनत्व और सद्भावना का प्रतीक बन गया।
अग्रवाल की करुणाशील और संवेदनशील अगुवाई ने इस प्रयास को सकारात्मक दिशा देकर पशुधन कल्याण में अहम भूमिका निभाई। शिविर में सर्विकल वेजिनल प्रोलैप्स, दुग्ध ज्वर, अपच, उपापचय संबंधित विकार, हाफरा, खुर की सूजन, पोषण संबंधी समस्याओं की पहचान कर उनका उपचार किया गया। साथ ही शिविर में टीकाकरण, कृमिनाशक दवाओं का वितरण, घावों की मरहम-पट्टी, आपातकालीन चिकित्सा, मिनरल मिक्सचर, एंटीबायोटिक बोलस, मल्टीविटामिन जैसी आवश्यक सेवाओं के साथ-साथ गौशाला कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसी अनेक निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।इस शिविर में डॉ. भार्गव, डॉ. साय श्री, डॉ. मोनिका चौधरी, डॉ. पीयूष और पशुधन सहायक राजेश सुवालका ने अपनी कुशलता एवं विशेषज्ञता से पशुओं की उत्तम चिकित्सा देखभाल की।
आर.आर. कॉलेज ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंस के तृतीया और चतुर्थ वर्षीय छात्रों ने इस कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग दिया और फील्ड वर्क का बहुमूल्य अनुभव अर्जित किया। गौशाला प्रशासन ने इस परोपकारी सेवा कार्य के लिए आर.आर. पशु चिकित्सा महाविद्यालय के दल का हार्दिक धन्यवाद किया तथा आगामी समय में इस प्रकार के कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आकांक्षा व्यक्त की।

