* आयोजन समिति और शहर के प्रबुद्ध व्यक्तियों के बीच हुई सकारात्मक वार्ता……
देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। शहर के अटल उद्यान में आगामी फरवरी माह में आयोजित होने वाले पंचकल्याणक महोत्सव को लेकर चल रहा संशय अब दूर होता नजर आ रहा है। शुक्रवार को महोत्सव समिति के पदाधिकारियों और शहर के प्रबुद्ध जनों के बीच बैठक हुई। इस वार्ता में समिति ने विश्वास दिलाया कि आयोजन के दौरान उद्यान की हरियाली और पर्यावरण को किसी भी प्रकार की क्षति नहीं पहुँचने दी जाएगी। देवली के प्रबुद्ध जनों का पक्ष है कि किसी भी “धार्मिक आयोजन से ऐतराज नहीं, बस पार्क सुरक्षित रहे”। बैठक के दौरान पर्यावरण नवल मंगल ने खुलकर बात रखी। इस दौरान घीसालाल टेलर, सत्यनारायण और राजेंद्र शर्मा भी मौजूद थे। नवल मंगल ने कहा कि किसी को पंचकल्याणक जैसे भव्य धार्मिक आयोजन से कोई आपत्ति नहीं है और शहर में ऐसे मांगलिक कार्य होने चाहिए। सब की मुख्य चिंता केवल उद्यान की सुरक्षा को लेकर है। शहर का मुख्य पार्क है, लिहाजा यहाँ के पेड़-पौधों को कोई नुकसान नहीं होना चाहिए।

आयोजन समिति का कहना है कि महोत्सव ईको-फ्रेंडली होगा। महोत्सव” पंचकल्याणक समिति के संयोजक पंकज सर्राफ, लकी सर्राफ और मंत्री अनिल ने आश्वस्त करते हुए कहा कि उद्यान के गार्डन क्षेत्र में मुनि के प्रवचन हेतु अस्थाई सभा स्थल बनाया जाएगा। गार्डन परिसर में प्लास्टिक डिस्पोजल का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। समाज के स्वयंसेवक यह सुनिश्चित करेंगे कि आयोजन स्थल पर गंदगी न फैले और पेड़-पौधे सुरक्षित रहें।
समिति ने यहाँ तक प्रस्ताव दिया कि यदि नगर पालिका पर्यावरण सुरक्षा के लिए कोई अग्रिम (सिक्योरिटी) राशि जमा कराना चाहे, तो समिति उसके लिए भी तैयार है। गौरतलब है कि बीते 5 दिसंबर को नगर पालिका की साधारण सभा में शहर के सभी उद्यानों को आयोजनों के लिए निशुल्क देने का निर्णय लिया गया था, जिसका काफी विरोध हुआ। इसे लेकर गुरुवार शाम नगर पालिका भवन में पुनर्विचार बैठक भी हुई थी।

