देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। शहर में रामनवमी के पर्व पर गुरुवार को श्री राठौर तेलियान साहू समाज की ओर से शोभायात्रा का आयोजन किया गया। भक्ति और उत्साह से सराबोर इस शोभायात्रा में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष और युवा शामिल हुए। यह शोभायात्रा शहर की तेलियान धर्मशाला से गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई लक्ष्मीनाथ मंदिर पहुंची। यहाँ से जयकारों के गूंज के साथ शोभायात्रा छतरी चौराहा, ममता सर्किल, अंबेडकर सर्कल, चर्च रोड, तहसील रोड और बस स्टैंड होते हुए गुजरी। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया। शोभायात्रा में भगवान श्री राम दरबार की सजीव झांकी सजाई गई। साथ ही वीर हनुमान की सजीव झांकी भी साथ चल रही थी। शोभायात्रा के दौरान भगवान का बेवाण (विमान) भी साथ चल रहा था, जिसकी श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पूजा-अर्चना की। भक्तिमय माहौल में डीजे और बैंड की धुनों पर श्रद्धालु झूमे। शोभायात्रा में ‘श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में’, ‘घमड़-घमड़ घोटो घुमा दे हनुमान’, ‘भारत का बच्चा-बच्चा जय श्री राम बोलेगा’ और कीजो केसरी के लाल मेरा छोटा सा है काम’ सहित भजनों की प्रस्तुति दी गई। इन भजनों की धुन पर युवा और महिलाएं नृत्य करते हुए नजर आए।



