नसीराबाद-देवली कोटा फोरलेन हाइवे निर्माण अगले माह से शुरू, 2 साल में होगा पूरा।

एलओआई जारी, 10 दिन में वर्कऑर्डर जारी होंगे, 10 से बढ़कर 30 मीटर चौड़ी होगी सड़क….

 

देवली/अजमेर:-(बृजेश भारद्वाज) 100 किमी लंबे फोरलेन बनने वाले नसीराबाद-केकड़ी-देवली रोड को फोरलेन हाइवे निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया को आरएसआरडीसी ने अंतिम रूप दे दिया है। इस प्रोजेक्ट के लिए तीन फर्मों ने दावेदारी जताते हुए बीएसआर से कम दर पर माइनस में टेंडर दाखिल किए थे। टेक्निकल और फाइनेंशियल बिड में योग्य पाई गई कंपनी को निर्माण के लिए एलओआई (लेटर ऑफ इंटेंट) जारी की गई है। दस दिन में आरएसआरडीसी वर्क ऑर्डर जारी कर अगले महीने काम शुरू करवाएगी।नसीराबाद-केकड़ी-देवली फोरलेन रोड के लिए 203 हेक्टेयर जमीन पर फोरलेन हाइवे बनेगा। 1085 करोड़ रुपए खर्च होंगे। निर्माण 2 साल में पूरा होगा। ईपीसी मॉडल पर हाइवे बनाया जाएगा। वर्तमान में टू-लेन रोड में 7 मीटर का कैरिज-वे सहित कुल चौड़ाई करीब 10 मीटर है। फोरलेन बनने के बाद 5 मीटर चौड़े डिवाइडर सहित सड़क 30 मीटर चौड़ी होगी। सर्विस रोड और नाले का निर्माण होगा। रोड लाइटें भी लगाई जाएंगी। प्रोजेक्ट में सड़क निर्माण कॉस्ट 442.08 करोड़ है। प्रोजेक्ट के लिए जमीन आवाप्ति की प्रक्रिया जारी है।

समय की बचत के साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी कम….

 

नसीराबाद से देवली तक सड़क फोरलेन होने से यात्रा आसान और सुविधाजनक होगी। समय की बचत के साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। वर्तमान में नसीराबाद से केकड़ी होते हुए देवली जाने में करीब ढाई घंटे लगते हैं। सड़क टू लेन होने से दुर्घटनाएं अधिक होती हैं और ओवरटेक के ओवरटेक के दौरान वाहन टकरा जाते हैं। फोरलेन बनने के बाद देवली तक करीब 1 घंटे 45 मिनट में पहुंचा जा सकेगा यानी लगभग 45 मिनट की बचत होगी। सड़क फोरलेन होने से अजमेर शहर, नसीराबाद, केकड़ी, सरवाड़ तथा देवली कोटा, बूंदी, झालावाड़ और मध्य प्रदेश आने-जाने वालों को भी फायदा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *