राम विलास लांगड़ी “राष्ट्रीय संपादक गौरव सम्मान” से नवाजे गये।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। पत्रकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और निष्पक्ष योगदान के लिए दैनिक सच्चा सागर समाचार-पत्र के प्रबंध सम्पादक राम विलास लांगड़ी को ऑल इंडिया संपादक संघ द्वारा “राष्ट्रीय संपादक गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संघ की ओर से उनके जनहितकारी दृष्टिकोण, निर्भीक लेखन और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने में योगदान को देखते हुए प्रदान किया गया है। सम्मान पत्र में उल्लेख किया गया है कि राम विलास लांगड़ी ने पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है और उनकी सोच व कार्यशैली वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष करण कुमार और राष्ट्रीय सचिव सतीश कुमार आर्य ने हस्ताक्षर कर उन्हें सम्मानित किया। दोनों पदाधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे पत्रकार समाज को सही दिशा देने का काम करते हैं। सम्मान मिलने पर टोंक जिले के पत्रकारों में खुशी का माहौल है। जिले के कई पत्रकारों, मीडिया साथियों और सामाजिक संगठनों ने राम विलास लांगड़ी को बधाई दी और इसे जिले के लिए गर्व का विषय बताया। पत्रकारों ने कहा कि यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे क्षेत्र के पत्रकारिता जगत के लिए प्रेरणा है। स्थानीय पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि राम विलास लांगड़ी भविष्य में भी इसी तरह निष्पक्ष और जनहित में कार्य करते रहेंगे तथा युवा पत्रकारों को मार्गदर्शन देते रहेंगे। यह सम्मान टोंक जिले के पत्रकारिता क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *