देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। बिजली विभाग की कथित लापरवाही से करंट लगने के कारण गंभीर रूप से झुलसे धनराज बैरवा की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में उनके दोनों हाथ काटने पड़े, जिसके बाद उन्हें एसएमएस अस्पताल, जयपुर में भर्ती कराया गया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस की प्रदेश सचिव माया सुवालका ने एसएमएस अस्पताल पहुंचकर धनराज बैरवा से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से भी बातचीत कर उपचार की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान राजस्थान प्रदेश कांग्रेस की प्रदेश सचिव माया सुवालका ने राज्य सरकार से मांग की कि पीड़ित धनराज बैरवा को 51 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा उनके परिवार के भरण-पोषण के लिए एक सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह गंभीर हादसा हुआ है, इसलिए सरकार को पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और न्याय देना चाहिए। एसएमएस अस्पताल जयपुर में धनराज बैरवा का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की कड़ी निगरानी बनी हुई है।






