देवली में नौ दिवसीय डांडिया महोत्सव का भव्य समापन, अंतिम दिन उमड़ा जनसैलाब।
* माता रानी की आरती और प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ गरबा महोत्सव….

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। नगर पालिका मंडल देवली की ओर से आयोजित नौ दिवसीय डांडिया एवं गरबा महोत्सव का समापन बुधवार को उत्साह, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन पांडाल दर्शकों से खचाखच भरा रहा। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे महिला-पुरुषों एवं युवाओं की उपस्थिति ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी। पूरे आयोजन स्थल पर नवरात्रि की भक्ति, पारंपरिक गरबा और डांडिया की धुनों का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ नगरपालिका उपाध्यक्ष नेमी चंद जैन, पूर्व चेयरमैन मंजू जैन, विजय चौधरी, दिनेश जैन, गोविंद राम माली, रवि बलसौरा, राजू ग्वाला एवं भीम सिंह ने माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। इस दौरान माता रानी के जयकारों से पांडाल गूंज उठा। पार्षद समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। नवरात्रि के दौरान आयोजित इस महोत्सव में प्रतिदिन श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक गुजराती गरबा और डांडिया नृत्य नवरात्रि उत्सव की प्रमुख आकर्षण गतिविधियों में शामिल रहे। गरबा की गोलाकार नृत्य शैली और डांडिया की लयबद्ध ताल ने आयोजन को विशेष पहचान दी। नौ दिनों तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन ने शहरवासियों को एक मंच पर एकत्रित कर धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया। नौ दिवसीय गरबा महोत्सव का सुव्यवस्थित संचालन करने में महत्वपूर्ण योगदान देने पर नगरपालिका मंडल की ओर से पंकज जैन ,सीरज साहू, राजन नामा ,उत्तम भारद्वाज , राहुल सुवालका का दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रयासों की सराहना की गई।महोत्सव के अंतिम चरण में माता रानी की सामूहिक आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। भक्तिमय माहौल और बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों के बीच नौ दिवसीय डांडिया महोत्सव का विधिवत समापन हुआ। आयोजन ने देवली में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।






