देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर आर.आर. कॉलेज ऑफ वेटरिनरी एंड एनिमल साइंस, देवली में श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान श्री गणेश का भव्य स्वागत एवं प्रतिमा स्थापना की गई। भगवान गणेश के कॉलेज परिसर में आगमन के साथ ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के डीन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती कर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गणपति बप्पा के प्रति अपनी श्रद्धा एवं आस्था व्यक्त की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भगवान गणेश बुद्धि, ज्ञान, शुभता एवं समृद्धि के प्रतीक हैं। गणेश चतुर्थी का पर्व हमें सकारात्मक सोच, एकता और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापना के पश्चात महाविद्यालय परिसर में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना रहा। सभी ने महाविद्यालय की प्रगति, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य तथा समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों के सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। कार्यक्रम का समापन सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। गणेश चतुर्थी के आयोजन ने महाविद्यालय परिवार में आस्था, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।





