लम्पी स्किन डिजीज के संभावित प्रकोप से बचाव हेतु आर.आर. वेटरिनरी कॉलेज देवली ने की पशुपालकों से सतर्क रहने की अपील।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज) जिले में लम्पी स्किन डिजीज के संभावित प्रकोप को देखते हुए पशुपालन विभाग द्वारा जिला एवं तहसील स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। इसी क्रम में आर.आर. कॉलेज ऑफ वेटरिनरी एंड एनिमल साइंस, देवली द्वारा भी पशुपालकों से पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने तथा रोग के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करने की अपील की गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि लम्पी स्किन डिजीज एक संक्रामक वायरल रोग है। पशुओं में तेज बुखार, शरीर पर गांठें या त्वचा पर उभार, आंखों एवं नाक से पानी आना, दूध उत्पादन में कमी तथा कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर पशुपालकों को तुरंत पशु चिकित्सक को सूचित करना चाहिए। महाविद्यालय द्वारा पशुपालकों को सलाह दी गई है कि संदिग्ध अथवा रोगग्रस्त पशु को स्वस्थ पशुओं से अलग रखें तथा बिना पशु चिकित्सक की सलाह के उपचार न करें। पशुओं के आवास स्थल की नियमित साफ-सफाई, कीट नियंत्रण एवं उचित जैव-सुरक्षा उपायों को अपनाना भी आवश्यक है। आर.आर. कॉलेज ऑफ वेटरिनरी एंड एनिमल साइंस, देवली के वेटरिनरी क्लिनिक कॉम्प्लेक्स में बीमार एवं संदिग्ध पशुओं को आवश्यक पशु चिकित्सा परामर्श, जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पशुपालक अपने पशुओं में लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण दिखाई देने पर शीघ्र कॉलेज वेटरिनरी क्लिनिक कॉम्प्लेक्स से संपर्क कर सकते हैं। महाविद्यालय ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि लम्पी स्किन डिजीज के किसी भी संदिग्ध मामले को छिपाने के बजाय तत्काल सूचना दें, ताकि समय पर उपचार एवं आवश्यक नियंत्रण उपाय किए जा सकें और रोग के प्रसार को प्रभावी रूप से रोका जा सके।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *