* देवली में धनिया पाउडर एवं बिस्कुट के नमूने लिए
देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार कमोडिटी वाइज चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दिनांक 7 सितंबर 2026 से 14 सितंबर 2026 तक जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं मिलावट के विरुद्ध सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत देवली कस्बे में मैसर्स रिलायंस रिटेल लिमिटेड, गौरव पथ, देवली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से धनिया पाउडर एवं मिल्किट ब्रांड के बिस्कुट के नमूने लिए गए। दोनों नमूनों को गुणवत्ता एवं निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला में भिजवाया जाएगा। प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी मदन गुर्जर, रामकृष्ण गोठवाल व सांवरमल नेहरा , तिलक वर्मा एवं प्रदीप उपस्थित रहे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुर्जर ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए जिलेभर में लगातार निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई की जा रही है। कमोडिटी वाइज अभियान के तहत विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। खाद्य पदार्थों के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट की संभावना को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी बढ़ाई गई है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेजिंग, निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि तथा गुणवत्ता संबंधी जानकारी अवश्य जांचें और किसी भी प्रकार की मिलावट की शिकायत होने पर संबंधित विभाग को सूचित करें। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिले में मिलावट के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।












