देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। बीसलपुर बांध की डाउनस्ट्रीम में नहाते समय 25 साल के युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चौमू (जयपुर) निवासी राहुल के रूप में हुई है। युवक रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे अपने तीन दोस्तों के साथ दो बाइक पर सवार होकर पिकनिक मनाने आया था।
हादसे की सूचना पर देवली तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शक्तावत और पटवारी पंकज जैन भी देवली अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। पुलिस पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई में जुटी है। देवली थाना पुलिस के सहायक उप निरीक्षक दिलीप सिंह ने बताया- चारों दोस्त राहुल विजय, रवि और दीपक बांध की डाउन स्ट्रीम में नहा रहे थे।
उसी दौरान राहुल गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके साथियों ने मदद के लिए आवाज लगाई। स्थानीय ग्रामीणों और नाविकों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। राहुल के दोस्तों ने बताया कि तीन महीने पहले ही राहुल की शादी हुई थी। वो अपने परिवार का इकलौता बेटा था।