देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित प्रदेश स्तरीय पत्रकार संवाद कार्यक्रम में देवली के पत्रकारों ने स्थानीय और व्यावहारिक समस्याओं को प्रमुखता से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के समक्ष रखा। प्रेस क्लब देवली के संरक्षक नोरतमल नामा ने तहसील स्तर के पत्रकारों के हितों की पैरवी करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने की पुरजोर मांग की। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार की सड़कों पर पत्रकारों को टोल माफी का लाभ देने की मांग रखी। पत्रकार नामा ने एक बेहद संवेदनशील मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्तमान समय में अपनों की उपेक्षा के शिकार और असहाय बुजुर्गों के लिए तहसील स्तर पर सरकारी वृद्धाश्रम खोले जाने चाहिए, ताकि उन्हें सम्मानजनक जीवन मिल सके। संवाद के दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष अमितेश भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से पत्रकार आवास योजना का दायरा बढ़ाकर उसे नगर पालिका क्षेत्रों तक लागू करने की मांग उठाई। इस मौके पर देवली से पत्रकार कमलेश वैष्णव और चेतन शर्मा भी उपस्थित रहे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि सरकार उनके सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान राशि को 18 हजार रुपए करने और जयपुर में आवासीय योजना लाने जैसी बजटीय घोषणाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने देवली के पत्रकारों के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।




