देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। गुलाबी नगरी के बिरला ऑडिटोरियम में शुक्रवार को आयोजित एक समारोह के दौरान देवली का मान प्रदेश स्तर पर बढ़ा है। दरअसल देवली निवासी डॉ. राघव जिंदल को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक और चिकित्सीय उपलब्धियों के लिए राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने सम्मानित किया। डॉ. जिंदल को यह सम्मान वर्ष 2025 के लिए ‘राजस्थान के बेस्ट न्यूरो सर्जरी रेजिडेंट’ के रूप में दिया गया है। गौरतलब है कि उन्होंने न्यूरो सर्जरी जैसे जटिल विषय में गोल्ड मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की है। डॉ. राघव वर्तमान में देवली स्थित महेश नर्सिंग होम (महेश्वरम हॉस्पिटल) में अपनी विशेषज्ञ सेवाएं दे रहे हैं। न्यूरो सर्जरी के क्षेत्र में अनुभव रखने वाले डॉ. जिंदल की उपस्थिति से क्षेत्र के मरीजों को अब जटिल ऑपरेशनों और उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं दौड़ना पड़ रहा है। उनके मार्गदर्शन में महेश्वरम हॉस्पिटल आज देवली और आसपास के सैकड़ों रोगियों के लिए भरोसे का केंद्र बन गया है। चिकित्सा क्षेत्र में महेश नर्सिंग होम प्रबंधन ने क्षेत्रवासियों को एक और बड़ी सौगात देने की तैयारी कर ली है। अस्पताल में जल्द ही उच्च तकनीक वाली 1.5 टी (1.5 Tesla) एमआरआई मशीन शुरू होने जा रही है। यह मशीन अपनी उन्नत क्वालिटी और सटीक जांच के लिए जानी जाती है, जो कि आसपास के तीन जिलों के दायरे में पहली ऐसी मशीन होगी। उल्लेखनीय है कि डॉ. राघव के पिता डॉ. महेश जिंदल जनरल फिजिशियन और माता डॉ. कल्पना जिंदल भी गायनिक रूप में महेश नर्सिंग होम में बरसों से सेवाएं दे रहे हैं।







