देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। टोंक जिले के माली समाज में संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक एकता और समाज के भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से एक ऐतिहासिक आमसभा का आयोजन कल किया जाएगा। अखिल भारतीय माली समाज टोंक की नवीन कार्यकारिणी के गठन को लेकर पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जानकारी के अनुसार यह महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 17 मई 2026 को प्रातः 11:00 बजे आयोजित होगी। कार्यक्रम का आयोजन देवली उपखंड के दोलता मोड़ स्थित केसर माता मंदिर परिसर में रखा गया है। बैठक में टोंक जिले के विभिन्न क्षेत्रों से दूनी , बंथली,पनवाड़, सीतापुरा, निवारिया हरि सिंह का लाबा, देवल, झाड़ली, उनियारा खुर्द, देवली गांव देवली शहर, सिरोही, गावड़ी राजमहल भगवानपुर कॉलोनी बीसलपुर से समाज के वरिष्ठजन, युवा साथी, मातृशक्ति एवं समाज के गणमान्य लोग भाग लेंगे। इस विशाल आमसभा का मुख्य उद्देश्य समाज को मजबूत एवं संगठित नेतृत्व प्रदान करना है। बैठक में अखिल भारतीय माली समाज टोंक की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा तथा नई कार्यकारिणी सदस्यों को विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। समाज के विकास, शिक्षा, सामाजिक उत्थान, युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने एवं संगठन विस्तार को लेकर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी। बैठक में समाजहित से जुड़े कई अहम विषयों पर विचार-विमर्श होगा। समाज के लोगों का मानना है कि बदलते समय के साथ समाज को मजबूत नेतृत्व, एकजुटता और नई सोच की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को लेकर यह आमसभा आयोजित की जा रही है, ताकि समाज को नई दिशा और नई ऊर्जा मिल सके। सामाजिक कार्यकर्ता प्रहलाद तलाईच, उनियारा खुर्द, महावीर प्रसाद माली पेंटर पनवाड़ एवं हरीशंकर माली, दौलता मोड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की सम्पूर्ण तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने टोंक जिले के सभी समाज बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर समाज के उत्थान के लिए अपने सुझाव एवं सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समाज की ताकत उसकी एकता और संगठन में होती है। यदि समाज के सभी लोग मिलकर कार्य करें तो शिक्षा,रोजगार, सामाजिक विकास एवं युवा नेतृत्व के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। बैठक में समाज को आगे बढ़ाने के लिए भविष्य की मजबूत रणनीति एवं कार्ययोजना तैयार की जाएगी। समाज के वरिष्ठ लोगों का कहना है कि यह बैठक आने वाले समय में माली समाज के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती है। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ समाज में नई सोच, नई ऊर्जा और नई जिम्मेदारियों का संचार होगा, जिससे समाज के हितों को मजबूती मिलेगी।





