शिक्षा और संस्कार ही समाज को नई दिशा देते है :- कन्हैयालाल चौधरी।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। श्री जाट विकास समिति देवली के तत्वावधान में रविवार को सिरोही स्थित श्री देहलवाल बाबा मंदिर परिसर में आयोजित जाट समाज प्रतिभावान सम्मान समारोह सामाजिक एकता, शिक्षा प्रोत्साहन और युवा जागरूकता का प्रेरणादायी मंच बन गया। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 221 प्रतिभाओं का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज बंधुओं की उपस्थिति रही तथा पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और सामाजिक चेतना का वातावरण देखने को मिला। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के जलदाय एवं भूजल विभाग के कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी रहे। विशिष्ट अतिथियों में रिटायर्ड जज राजेंद्र सिंह, एडिशनल एसपी धर्मराज चौधरी, सीओ हेमराज मूंड, पूर्व प्रधान गणेश जाट, पूर्व प्रधान बनवारी जाट, लोकमत चैनल की डायरेक्टर माया चौधरी, डॉ. धनराज जाट तथा नगर पालिका पार्षद छाया चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों, राजकीय सेवाओं में चयनित युवाओं, भामाशाहों तथा समाज का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। प्रतिभाओं का सम्मान होते ही पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान राजस्थानी संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियों ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। समारोह में कच्ची घोड़ी नृत्य, लिलन घोड़ी नृत्य, चरी नृत्य, अलगोजा पार्टी, मसक बाजा तथा रंगारंग राजस्थानी लोकगीत एवं लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका उपस्थित लोगों ने जमकर आनंद लिया। पारंपरिक लोक कला और संस्कृति से सजे कार्यक्रम ने समारोह को यादगार बना दिया। मुख्य अतिथि मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा और संस्कार ही समाज को नई दिशा देते हैं। उन्होंने युवाओं से नशाखोरी और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। मंत्री चौधरी ने देहलवाल बाबा मंदिर स्थित जाट धर्मशाला में लगभग 20 लाख रुपए की लागत से डॉम निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि समाज के विकास और सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के दौरान क्षेत्रवासियों से घर-घर पानी पहुंचाने का वादा किया था और सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आमजन तक बेहतर पेयजल व्यवस्था पहुंचाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। अन्य अतिथियों ने भी अपने उद्बोधन में समाज को संगठित रहने, शिक्षा को बढ़ावा देने, बेटियों को आगे बढ़ाने, सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने तथा युवाओं को संस्कारित एवं जागरूक बनाने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज तभी आगे बढ़ेगा जब नई पीढ़ी शिक्षा, खेल और सेवा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ेगी। श्री जाट विकास समिति की ओर से मुख्य अतिथि को विभिन्न मांगों से अवगत करवाया गया। इनमें नेशनल हाईवे से सिरोही गांव एवं नहर वाले रास्ते से देहलवाल मंदिर तक सीसी सड़क निर्माण, वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाने, मेला स्थल से गुजर रही हाई टेंशन लाइन को हटवाने तथा देवली में जाट छात्रावास के लिए भूमि आवंटित करवाने की मांग प्रमुख रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने की जबकि आयोजन समिति अध्यक्ष शिवजी लाल चौधरी ने अतिथियों एवं समाज बंधुओं का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। मंच संचालन हिंदी व्याख्याता राम रतन चौधरी ने किया।
इस दौरान पूर्व अध्यक्ष नानू लाल चौधरी, रामस्वरूप चौधरी, विजय सिंह चौधरी, उदालाल चौधरी, कजोड़ चौधरी,बद्री चौधरी, पुष्कर चौधरी, हंसराज चौधरी, ओम चौधरी, शिवराज चौधरी, तेज प्रकाश चौधरी, लोकेंद्र चौधरी, रामलाल जाट, पोलुराम चौधरी, परशुराम चौधरी, रामनिवास चौधरी, शिशुपाल जाट, हेमराज चौधरी सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज बंधु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *