देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। भारत सरकार और राज्य सरकार के निर्देशानुसार, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन और आम जनमानस में योग के प्रति जागरूकता व सहभागिता बढ़ाने के लिए देवली ब्लॉक में व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। कार्यालय ब्लॉक नोडल अधिकारी देवली (टोंक) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस बार जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर के साथ-साथ विशेष रूप से धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर भी आगामी 21 जून को योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में प्रसिद्ध बीसलपुर बाँध पर भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम मनाया जाएगा, जिसकी सभी प्रशासनिक तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं। विज्ञप्ति के अनुसार, भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ब्लॉक के सभी योग प्रशिक्षकों के लिए गत 18 जून से 19 जून तक दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यह प्रशिक्षण देवली, दूनी और नगरफोर्ट तहसील केंद्रों पर सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। देवली में आयोजित होने वाला ब्लॉक स्तरीय मुख्य कार्यक्रम प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक अटल उद्यान में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य योग प्रशिक्षक नवल किशोर पारीक, जितेन्द्र सिंह और पल्लवी सिंह उपस्थित जनसमूह को योगाभ्यास करवाएंगे। ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ. पी.एल. जांगिड़ ने देवली नगर के सभी आम नागरिकों से अपील की है कि वे योग के प्रति जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने के लिए इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सादर आमंत्रित हैं।









