देवली में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन: सैकड़ों मुकदमों का हुआ निस्तारण, लाखों रुपये की रिकवरी।
देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। तालुका विधिक सेवा समिति, देवली के तत्वावधान में शनिवार को न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। लोक अदालत में आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में विभिन्न न्यायालयों के सैकड़ों मुकदमों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया।
*मुकदमों के निस्तारण का विवरण:
सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय (देवली): कुल 55 प्रकरण रखे गए, जिनमें से सभी 55 मामलों का निस्तारण लोक अदालत की भावना से किया गया। अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट (देवली): रखे गए सभी 26 मुकदमों का शत-प्रतिशत निस्तारण हुआ। ग्राम न्यायालय (देवली): 130 प्रकरण पेश किए गए, जिनमें से सभी 130 प्रकरणों का सफल निस्तारण किया गया। सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट (दूनी): कुल 57 प्रकरण रखे गए और सभी 57 मामलों को आपसी सहमति से निपटाया गया। प्री-लिटिगेशन मामले: तालुका विधिक सेवा समिति में कुल 1,045 प्री-लिटिगेशन प्रकरण रखे गए, जिनमें से 12 मामलों का निस्तारण कर ₹7,31,996 की वसूली हेतु समझौता कराया गया।
* पीठ और अधिकारियों की उपस्थिति:…
लोक अदालत बेंच में ग्राम न्यायालय देवली के न्यायाधिकारी श्री हर्ष मीणा (पीठासीन अधिकारी) तथा अधिवक्ता श्री शिवजीराम डडवाडिया (सदस्य) उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में रीडर श्री पुष्पेन्द्र अग्रवाल, श्री भजन लाल मीणा, श्री महेश लक्षकार तथा तालुका विधिक सेवा समिति के सचिव श्री विजय गौड़ सहित अन्य कर्मचारियों व अधिवक्ताओं का विशेष योगदान रहा। इस दौरान विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, बीएसएनएल प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पक्षकार उपस्थित रहे, जिन्होंने आपसी राजीनामे से मामलों का निपटारा किया।








