देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशानुसार राज.शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश सुथार ने अपने दो दिवसीय टोंक जिले के प्रवास के दौरान शुक्रवार सांय राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय उप शाखा देवली की बैठक में शिक्षक कार्यकत्र्ताओं को संबोधित किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने संगठन के 11 सूत्रीय मांग पत्र पर बिंदुवार चर्चा की और कहा कि सरकार को ये 11 सूत्रीय मांगों पर विचार कर इनका निराकरण करना होगा, अन्यथा संगठन आगामी चरणों में आंदोलन करेगा।
सुथार ने कहा कि राज.शिक्षक संघ राष्ट्रीय का कार्यकर्ता शिक्षक समस्याओं के निराकरण के साथ- साथ गुरु वंदन -छात्र अभिनंदन, सेवा निवृत्त शिक्षकों का सम्मान, कर्त्तव्य बोध पखवाड़ा मनाना, सामाजिक समरसता दिवस का आयोजन कर सामाजिक सरोकार के कार्य भी करता है ।
उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चेती तो संगठन आगामी आंदोलन के चरणो मे जिले पर पैदल मार्च, सद्बुद्धि यज्ञ, जयपुर में प्रदेश स्तरीय विशाल रैली का आयोजन करेगा तथा शिक्षा संकुल के बाहर अनशन किया जाएगा। किसी भी प्रकार की विपरीत स्थिति के लिए सरकार जिम्मेदार रहेगी।सुरेन्द्र नामा को प्रदेश कार्यकारिणी में अजमेर संभाग संयुक्त मंत्री बनाये जाने पर उपशाखा देवली की ओर से कार्य कर्ताओं ने माला साफा पहनाकर सम्मान किया।
नामा ने कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहकर संगठन में नये शिक्षकों एवं महिलाओं की अधिक भागीदारी बढ़ा कर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। इस अवसर पर दिनेश कुर्मी जिलाध्यक्ष ने शिक्षकों से बी एल ओ.सहित अन्य गैर शैक्षणिक कार्य करवाए जाने पर विरोध जताया।
बैठक में दिनेश नरूका जिला सभाध्यक्ष, संगीता सिंह जिला महिला मंत्री, सुरेंद्र सुवालका अध्यक्ष, द्वारका प्रसाद मेंघवशी मंत्री,राजेश परीक , महावीर पडियार, लक्ष्मी नारायण शर्मा,कमलेश माली ,महावीर माहेश्वरी, राजेश तिवारी,रवि शंकर मीणा ,पवन सैन सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।