देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। गैस उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें भारी-भरकम सिलेंडरों की जगह मात्र 10 किलो वजन के सिलेंडर की चॉइस मिलेगी। भारत गैस कंपनी की ओर से स्थानीय मोहन गैस एजेंसी को सैंपल के तौर पर आधा दर्जन 10 किलो वजन वाले आधुनिक फाइबर सिलेंडर भेजे गए हैं। ये सिलेंडर वजन में काफी हल्के और पारदर्शी हैं, जिससे उपभोक्ता गैस के स्तर को भी देख सकेंगे। एजेंसी संचालक पंकज शर्मा और नीरज शर्मा ने बताया कि फिलहाल ये सिलेंडर ग्राहकों को दिखाने और जागरूक करने के उद्देश्य से मंगवाए गए हैं। आने वाले समय में यह पूरी तरह से ग्राहकों की पसंद पर निर्भर करेगा कि वे पुराने सिलेंडर की जगह इस नए और सुरक्षित विकल्प को चुनना चाहते हैं या नहीं। हालांकि, कंपनी की ओर से इन नए सिलेंडरों की सुरक्षा जमा राशि (सिक्योरिटी डिपॉजिट) और रीफिलिंग की दरों का आधिकारिक खुलासा होना अभी बाकी है। इसी के साथ नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, अब सिंगल सिलेंडर गैस कनेक्शन वाले उपभोक्ता 25 दिन के अंतराल में ही अगली बुकिंग करा सकेंगे। वहीं डबल सिलेंडर (DBC) कनेक्शन धारकों के लिए यह समय सीमा 35 दिन निर्धारित की गई है। उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले कनेक्शनों के लिए 45 दिन के अंतराल पर बुकिंग और डिलीवरी की जाएगी। गैस एजेंसी संचालकों ने सभी उपभोक्ताओं से इन नए नियमों के अनुसार अपनी बुकिंग करने की बात कही है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।





