देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। क्षेत्र के युवाओं और बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए जयपुर रोड स्थित सूर्या स्पोर्ट्स एंड क्रिकेट अकादमी का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस नई शुरुआत से अब स्थानीय बच्चों को मोबाइल और टीवी की दुनिया से बाहर निकलकर स्टेडियम जैसा रोमांच और प्रशिक्षण अपने ही शहर में मिल सकेगा।अकादमी के संचालक अमित टाक ने बताया कि क्षेत्र में एक बेहतरीन खेल मंच की आवश्यकता को देखते हुए इस अकादमी की स्थापना की गई है। उद्घाटन समारोह का मुख्य आकर्षण मंत्रोच्चार के बीच नंद लाल गुलाब चंद टाक परिवार सहित पधारे हुए विशेष अतिथियों द्वारा फीता काटकर किया गया विधिवत शुभारंभ रहा। इस विशेष अवसर पर क्रिकेट और खेल जगत की जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टोंक जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सेक्रेटरी विवेक व्यास रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भीलवाड़ा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र नाहर ने की। विशेष अतिथियों के रूप में राजस्थान फुटबॉल संघ के पूर्व पदाधिकारी अनिल चौधरी, राजस्थान स्विमिंग एसोसिएशन के पूर्व पदाधिकारी गौतम चौहान और राजस्थान क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राकेश बत्रा मौजूद रहे। इन अनुभवी अतिथियों ने उपस्थित जनसमूह के साथ अपने अनुभव साझा किए और विश्वास जताया कि आने वाले समय में देवली के युवा और बालिकाएं क्रिकेट जगत में राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। समारोह में शहर की कई प्रतिष्ठित राजनीतिक और व्यापारिक हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष नेमी चंद जैन,श्री व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, डॉ. राघव जिंदल, डॉ. महेश जिंदल,वेणी प्रसाद टाक और टाक समाज के विभिन्न व्यक्तियों सहित शहर के राजनीतिक सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन के कई गणमान्य नागरिक शामिल थे।





