देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने टोंक जिले के देवली में बनने वाले उप-जिला अस्पताल के निर्माण कार्य से जुड़ी ई-निविदा को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। विभाग के मुख्य अभियंता द्वारा जारी आधिकारिक कार्यालय आदेश (पत्र संख्या: F-3( )CE/NHM/Civil/2026-27/1149) के अनुसार, यह निर्णय अपरिहार्य कारणों के चलते लिया गया है। संस्थान द्वारा जारी “निविदा संशोधन 01 निविदा संख्या 13/2026-27 (EPC Mode)” के तहत क्रम संख्या 01 पर वर्णित कार्य को रद्द किया गया है। इसके अंतर्गत देवली (जिला टोंक) में EPC बेसिस पर “100-150 बेडेड उप-जिला अस्पताल का निर्माण किया जाना प्रस्तावित था। मुख्य अभियंता (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, राजस्थान, जयपुर) द्वारा 4 जून 2026 को जारी इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस निविदा से संबंधित केवल इसी विशिष्ट कार्य को निरस्त किया गया है, जबकि निविदा की अन्य शेष शर्तें पहले की तरह यथावत रहेंगी। फिलहाल विभाग की ओर से निविदा निरस्त करने के पीछे के विशिष्ट ‘अपरिहार्य कारणों’ का खुलासा नहीं किया गया है। स्थानीय स्तर पर अस्पताल निर्माण कार्य रुकने से अब इस प्रोजेक्ट में कुछ समय का विलंब होने की संभावना है।







