खेत पर कब्जे की नीयत से लाठी-तलवारों से हमला, महिलाओं के साथ अभद्रता व गंभीर मारपीट; मामला दर्ज।
देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। हनुमान नगर थाना क्षेत्र के कुचलवाड़ा कलां में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने मिलकर एक परिवार पर कुल्हाड़ी, लोहे के सरिए, तलवार, दंती और लाठी-पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी विक्रम मीना पुत्र मायाराम मीना (निवासी जयपुर रोड, देवली, जिला टोंक) ने पुलिस थाने में दी गई रिपोर्ट में बताया कि 16 अक्टूबर 2026 को लगभग 11:30 बजे वह, उसकी मां आशा देवी और छोटा भाई अंकित मीना कुचलवाड़ा कलां स्थित अपने खेत पर फसल बुवाई के लिए गए थे।
मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके खेत के खंभे और तारबंदी तोड़कर नए पत्थर और पाउडर लाइन डाली गई थी। जब वे खेत का मुआयना कर रहे थे, तभी घात लगाए बैठे रतन लाल भील, गणेश भील, मनभरी, लक्ष्मी, सीमा, रामराज भील (तथा उनकी पत्नी व मां), इमरान खान (तथा उनकी मां व बहन), गोपाली, न्याली, कैलाश मीना, नरेश मीना, मदन मीना (तथा उनकी पत्नियां), मंजू और अन्य 8-10 अज्ञात लोग एक राय होकर वहां आ धमके।
जानलेवा हमला और अभद्रता का आरोप:
आरोपियों ने उग्र होकर हथियारों से हमला कर दिया। रतन लाल भील ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर अंकित मीना को बेहोश कर दिया। इसके अलावा गणेश, लक्ष्मी और अन्य ने मिलकर प्रार्थी और उसके परिजनों के साथ बेरहमी से मारपीट की। प्रार्थी का आरोप है कि इस दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता, कपड़े फाड़ने और जातिसूचक गालियां देने का भी प्रयास किया गया। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि खेत पर कोई आया तो उसे जान से मारकर इसी जमीन में दफना देंगे।
पुलिस कार्रवाई:
घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हनुमान नगर थाने में दिनांक 16.10.2026 को
रिपोर्ट दर्ज की गई । पुलिस ने मामले में बीएनएस (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 189(2), 110, 329(3), 74, 351(3) एवं एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की आगे की जांच वृत्ताधिकारी जहाजपुर के जिम्मे की गई है।









