आर. आर. वेटरनरी कॉलेज के विद्यार्थियों ने निभाई घायल पक्षियों के उपचार में अहम भूमिका।

* 680 घायल पक्षियों का आधुनिक तकनीकों की सहायता से किया सफल उपचार….

* बर्ड एक्सपर्ट जॉय गार्डन के मार्गदर्शन में विशेष चिकित्सा शिविर का हुआ आयोजन…..

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। आर. आर. वेटरनरी कॉलेज के विद्यार्थियों ने ‘होप एंड बियॉन्ड’ संस्था द्वारा आयोजित घायल पक्षी उपचार इंटर्नशिप कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया। पतंगबाजी के दौरान घायल हुए पक्षियों के रेस्क्यू एवं प्राथमिक उपचार हेतु बर्ड एक्सपर्ट जॉय गार्डन के मार्गदर्शन में एक विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पूर्ण सुविधाओं से युक्त ऑपरेशन थिएटर, एनेस्थीसिया मशीन, आधुनिक उपचार उपकरण एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की गई, जिससे घायल पक्षियों को समय पर और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जा सका। शिविर का संचालन ‘होप एंड बियॉन्ड’ संस्था द्वारा कॉइन डीसीएक्स, वंतारा , वन विभाग एवं  अन्य  संस्थाओं के संयुक्त सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में होप एंड बियॉन्ड एनजीओ से जुड़े विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के साथ-साथ विभिन्न वेटरनरी महाविद्यालयों के प्रशिक्षु छात्रों ने सेवाएं प्रदान कीं।

इनमें आर. आर. वेटरनरी कॉलेज के 13 मेरिटोरियस छात्रों की सहभागिता विशेष रूप से सराहनीय रही, जिन्होंने उपचार, देखरेख एवं रेस्क्यू कार्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया।संस्था के अनुसार नवंबर 2025 से अब तक लगभग 680 घायल पक्षियों का आधुनिक तकनीकों की सहायता से सफल उपचार किया जा चुका है। घायल पक्षियों की सूचना एवं सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 8239939929 जारी किया गया है। यह कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण का सशक्त माध्यम बना, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं जीवदया के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में भी एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *