पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध बजरी परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर का ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक फरार।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। पुलिस अधीक्षक श्री रोशन मीणा के निर्देशानुसार अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवली थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध बजरी से भरी एक महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त करने में सफलता हासिल की है, हालांकि चालक मौके से भागने में सफल रहा। ​अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मालपुरा) पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी एवं पुलिस उप अधीक्षक (देवली) हेमराज मुण्ड के मार्गदर्शन में देवली थानाधिकारी व पुलिस निरीक्षक दौलत राम गुर्जर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में सहायक उप निरीक्षक गोपालसिंह, कांस्टेबल नंबर 19 राजाराम और चालक कांस्टेबल नंबर 209 प्रभूलाल शामिल थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज (4 जून 2026) सुबह तड़के गश्त और निगरानी के दौरान पुलिस टीम को जहाजपुर चुंगी नाका के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आती हुई दिखाई दी, जो बजरी से पूरी तरह भरी हुई थी। पुलिस वाहन को सामने देखकर ट्रैक्टर चालक घबरा गया और वह वाहन को बीच सड़क पर ही छोड़कर पास की एक कॉलोनी की गलियों में भागने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तत्काल उसका पीछा किया, लेकिन चालक संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। ​बिना रजिस्ट्रेशन नंबर का ट्रैक्टर, मामला दर्ज जब पुलिस टीम ने मौके पर लावारिस छूटे वाहन की जांच की, तो वह बिना पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) नंबर का लाल रंग का ‘महिंद्रा 475 डीआई’ ट्रैक्टर पाया गया, जिसमें अवैध बजरी भरी हुई थी। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया और उसे सुरक्षित थाना परिसर में खड़ा करवाया। ​इस मामले में पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 303(2) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 4/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल फरार चालक की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। ​देवली पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ इस प्रकार की सख्त और प्रभावी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *