बीसलपुर बांध सहित 18 ग्राम पंचायतों में 9 हजार लोगों ने किया योगाभ्यास……

* “Yoga for Healthy Ageing” थीम पर देवली ब्लॉक में धूमधाम से मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस।

​देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। आज रविवार को
उपखण्ड क्षेत्र देवली में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ब्लॉक स्तरीय मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम स्थानीय दशहरा मैदान में प्रातः 6:00 बजे से “Yoga for Healthy Ageing” की विशेष थीम पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपखण्ड अधिकारी, नगरपालिका देवली के अधिशाषी अधिकारी तथा थानाधिकारी दौलतराम गुर्जर ने दीप प्रज्वलित कर किया।
​मुख्य समारोह में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ शहर के कई गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और भारी संख्या में नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। योग शिक्षक नवल किशोर पारीक, जितेन्द्र सिंह एवं पल्लवी सिंह ने राजकीय प्रोटोकॉल के अनुसार सभी संभागियों को योगाभ्यास करवाया और योग को जीवन में ढालने के गुर सिखाए। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा योग साधकों के लिए विशेष प्रबंध किए गए। ‘आरोग्य भारती’ द्वारा अंकुरित अल्पाहार व बिस्कुट, ‘पेंशनर्स समाज एवं जन सेवा समिति’ द्वारा मिल्क रोज, नगरपालिका देवली द्वारा ताजे फल तथा ‘ए.यू. बैंक’ द्वारा मसाला छाछ की निशुल्क व्यवस्था सभी संभागियों के लिए की गई। दशहरा मैदान के अतिरिक्त, केंद्रीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान देवली में भी सामूहिक योगाभ्यास का कार्यक्रम गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित हुआ। वहीं, क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटक एवं धार्मिक स्थल बीसलपुर बाँध पर भी सुरम्य वातावरण के बीच योग सत्र का आयोजन किया गया, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
​समारोह के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाइव उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे सभी उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना। इसके बाद सभी अभ्यासियों को अपने दैनिक जीवन में नियमित रूप से योग अपनाने हेतु संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के अंत में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ. पी.एल. जांगिड़ ने सभी आगंतुकों और स्वयंसेवी संस्थाओं का आभार प्रकट किया तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सहयोग की अपेक्षा की। ​इस वृहद कार्यक्रम को सफल बनाने में आयुष विभाग के डॉ. हजारी लाल बैरवा (सहायक नोडल प्रभारी), वरिष्ठ कम्पाउंडर हीरालाल बैरवा, मनोज कुमार, रामनिवास सेन, साधना मेघवंशी और अफसाना बानो ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। देवली ब्लॉक के अंतर्गत कुल 18 ग्राम पंचायत मुख्यालयों, विद्यालयों एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित इन सभी कार्यक्रमों में व्यापक स्तर पर भागीदारी देखी गई, जिसमें लगभग 8 से 9 हजार महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग से निरोगी रहने का संदेश दिया। इसी प्रकार मानव धर्म बहु दिव्यांगता विद्यालय एवं मानसिक विमन्दित पुनर्वास गृह, देवली (टोंक) में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय और पुनर्वास गृह के विशेष (दिव्यांग एवं मानसिक विमन्दित) बच्चों ने अत्यंत उत्साह, उमंग और सक्रियता के साथ भाग लिया। ​संस्थान के परिसर में आयोजित इस शिविर में विशेष शिक्षकों और योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों को उनकी शारीरिक और मानसिक क्षमता के अनुसार सरल योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। बच्चों को ताड़ासन, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम जैसे आसान और प्रभावी अभ्यास कराए गए, जिससे उनके शारीरिक संतुलन और एकाग्रता में सुधार हो सके। ​इस अवसर पर संस्थान के निदेशक रणवीर सिंह चौहान ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा: ​”योग केवल सामान्य लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि हमारे इन विशेष बच्चों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास के लिए भी बेहद जरूरी है। नियमित योग से इन बच्चों के आत्मविश्वास में अद्भुत वृद्धि होती है और वे खुद को समाज की मुख्यधारा से जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।”​कार्यक्रम के अंत में सभी सहभागी बच्चों को फल और पौष्टिक स्वल्पाहार वितरित किया गया। बच्चों के चेहरों पर योग करने की खुशी और संतोष साफ देखा जा सकता था। इस पूरे आयोजन में विद्यालय के सभी विशेष शिक्षकों,व सभी कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। उधर
महिला पतंजलि योग समिति एवं विभिन्न महिला संगठनों द्वारा भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन-जन तक योग के लाभ पहुँचाना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 5:30 बजे बिमला मंगल,सीता पारीक,डॉ.मनीषा शेट्टी,राजेंद्र कंवर,मोनिका मित्तल द्वारा सरस्वती माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वालित कर किया गया। तत्पश्चात तहसील महिला प्रभारी स्वाति खत्री,महामंत्री जिया सुवालका, युगराज योगी ने सामूहिक योग, प्राणायाम सूर्य नमस्कार आदि करवाया गया। इस अवसर पर तहसील योग प्रभारी युगराज योगी ने कहा “योग भारत की प्राचीन धरोहर है। यह शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में पिरोता है। नियमित योग से न केवल रोग दूर होते हैं, बल्कि मानसिक शांति भी प्राप्त होती है। इसलिए लोगों को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। कार्यक्रम में सभी उपस्थित महिलाओं ,बालिकाओं ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन महिला पतंजलि योग समिति कि संरक्षिका कमलेश मूंदड़ा ने किया। कमलेश मूंदड़ा ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसंबर 2014 को 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से आज 190+ देश योग को अपना रहे हैं। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *