देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। अखिल भारतीय माली समाज सेवा संस्थान (राज.), जिला टोंक के तत्वावधान में दूनी स्थित ओम पेराडाइज में रविवार को आयोजित पंचम सर्व माली समाज जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 सामाजिक एकता, शिक्षा और प्रतिभा सम्मान का ऐतिहासिक महाकुंभ बन गया। जिलेभर से पहुंचे हजारों समाजबंधुओं, महिलाओं, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में शिक्षा, खेल, चिकित्सा, प्रशासन, तकनीकी, प्रतियोगी परीक्षाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली 255 प्रतिभाओं का प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया। समारोह में उत्साह, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रतिभाओं के सम्मान के दौरान पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी भैरूलाल माली ने बताया कि समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं युवाओं को सम्मानित कर नई पीढ़ी को प्रेरित करना तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं के सम्मान से समाज में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा का संचार होता है। समारोह के मुख्य अतिथि एवं राजस्थान सरकार के पूर्व कृषि मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी शक्ति उसकी शिक्षा, एकता और मजबूत संगठन होता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ राजनीति, प्रशासन, न्यायपालिका, चिकित्सा, तकनीकी एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़कर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। साथ ही महात्मा ज्योतिबा फुले एवं क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न दिए जाने की मांग को लेकर समाज से लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान भी किया।
समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रदेश संगठन मंत्री प्रहलाद तलाईच (उनियारा खुर्द), सरपंच मोहनलाल सैनी (नासिरदा), लोकेश सैनी (प्रदेश मोर्चा, माली महासभा), चांदमल डामटिया (पनवाड़), रमेशचंद सैनी (हिंडोली) तथा सत्यनारायण माली (पंचायत प्रशासक, पनवाड़) उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रतिभा सम्मान समारोह को समाज की प्रगति एवं शिक्षा को बढ़ावा देने वाली प्रेरणादायी पहल बताते हुए आयोजकों की सराहना की। समारोह में माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, शोध, तकनीकी शिक्षा, सरकारी सेवाओं, खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 255 प्रतिभाओं का सार्वजनिक मंच से सम्मान किया गया। कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं गरिमामयी संचालन गणेश तलाईच एवं गोविंद माली ने संयुक्त रूप से किया। दोनों मंच संचालकों ने अपने सधे हुए संचालन से पूरे समारोह को अनुशासित, प्रेरणादायी एवं आकर्षक बनाए रखा। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में जिला संरक्षक प्रहलाद तलाईच के मार्गदर्शन एवं जिलाध्यक्ष महावीर प्रसाद माली के नेतृत्व में जिला एवं तहसील स्तर के समस्त पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला कार्यकारिणी के रामराज तलाईच, गोपाललाल तलाईच, प्रहलाद असावरा, प्रहलाद पड़ोलिया, उदालाल डामटिया, सुरेश अजमेरा, गंगाराम बढ़ेरा, प्रेमचंद माली, बाबूलाल अजमेरा, नोरतमल माली, राजेश माली, जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी भैरूलाल माली, सह प्रभारी सीताराम माली तथा सह सचिव हरिशंकर माली सहित सभी पदाधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संभाला। वहीं देवली तहसील अध्यक्ष शिवराज माली, दूनी तहसील अध्यक्ष ओमप्रकाश माली, मालपुरा तहसील अध्यक्ष हंसराज खरटिया एवं टोडारायसिंह तहसील अध्यक्ष प्रहलाद बढ़ेरा सहित सभी तहसील पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, भामाशाहों एवं समाजबंधुओं ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, भामाशाहों, समाजसेवियों, पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा, संगठन, सामाजिक समरसता एवं समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का सशक्त संदेश है। ऐसे आयोजन समाज में शिक्षा, संस्कार, संगठन और सामाजिक चेतना को नई दिशा देते हैं तथा युवा पीढ़ी को उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।







