बीसलपुर में मानसून की दस्तक से पहले अलर्ट: बिना फिटनेस चल रही नावों पर कार्रवाई।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। मानसून के आगमन के साथ ही बीसलपुर बांध और बनास नदी में पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला परिवहन अधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को विभाग ने एक विशेष अभियान चलाकर नावों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की सघन जांच की।
परिवहन निरीक्षक गंगाराम रेगर के नेतृत्व में विभाग की टीम ने बीसलपुर और बोयड़ा क्षेत्र में संचालित करीब 25 नावों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों के प्रति लापरवाही बरतने वाले नाविकों पर विभाग सख्त नजर आया। फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण कुल 12 नावों के चालान काटे गए। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं बनवाया गया और भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए संबंधित नाविक ही व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।मानसून सत्र के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक बीसलपुर का रुख करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने नाविकों के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि प्रत्येक यात्री को लाइफ जैकेट पहनाना अनिवार्य है, नाव को हमेशा नियंत्रित गति में ही संचालित किया जाए और नाव में किसी भी प्रकार के स्टंट करने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने या स्टंटबाजी करते पाए जाने पर न केवल भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि नाव को भी तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया जाएगा। इस अभियान के दौरान परिवहन विभाग के गार्ड सरदार सिंह और यातायात सलाहकार योगेश श्रीमाल भी मौजूद रहे। विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पर्यटकों की जान सुरक्षित रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और आने वाले दिनों में यह सुरक्षा जांच का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *