देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। शहर के राजकीय उपजिला अस्पताल में भर्ती एक अधेड़ व्यक्ति की रविवार दोपहर उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना के बाद देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह स्थानीय लोगों को कोटा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास गली में एक अधेड़ व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला था। लोगों ने उसे उपचार के लिए राजकीय उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका उपचार चल रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 2:30 बजे उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सक डॉ. कपिल मीणा ने ईसीजी जांच के बाद उसे मृत घोषित किया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की सूचना पर देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मृतक ने हरे रंग की टी-शर्ट और नीले रंग का निकर पहन रखा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
मौके पर देवली थाने से हैड कांस्टेबल कुलदीप सिंह, कांस्टेबल हरीश कुमार और दुर्गालाल पहुंचे तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की।






