देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। जन जन के आराध्य भगवान श्री कल्याणजी महाराज के श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बूंदी डिपो द्वारा कोटा जंक्शन से डिग्गी श्री कल्याणजी तक नई रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ किया गया। जहाँ देवली बस स्टैंड पर बस का रवानगी से पूर्व समाजसेवी नवल किशोर मंगल व स्थानीय बुकिंग प्रभारी राकेश शर्मा की मौजूदगी में सभी यात्रियों सहित चालक व परिचालक का स्वागत कर बेंड बाज़ों व आतिशबाजी के साथ बस को हरी झंडी दिखाई गई। यहां भगवान गुरु कृपा संस्थान के पंडित मुकेश गौतम ने सभी यात्रियों को सफल यात्रा हेतु शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व बस को दुल्हन की तरह सजावट की गई साथ ही भामाशाह द्वारा बस में लगवाए गए म्यूजिक सिस्टम के माध्यम से यात्रियों ने सफर के दौरान श्री जी के भजनों का आनंद लिया। बस के मार्ग में बूंदी, देवली सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। डिग्गी पहुंचने पर बस का विजयसागर तालाब के समीप विधिवत पूजा-अर्चना कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मालपुरा नगर पालिका के ईओ रामजीत दत्त चौधरी, डिग्गी नगर पालिका के ईओ रामकेश जाट, समाजसेवी नवल मंगल, राजेंद्र जिंदल तथा देवली बुकिंग प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने बस चालक का स्वागत किया और सफल संचालन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ भजन-कीर्तन करते हुए भगवान श्री कल्याणजी महाराज के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। नई बस सेवा शुरू होने से कोटा एवं आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उल्लेखनीय है कि बस से डिग्गी कल्याण जी के पहुँचे सभी यात्रियों के लिए देवली भामाशाह नवल किशोर मंगल द्वारा डिग्गी में भोजन प्रसादी की व्यवस्था निशुल्क की गई।







