देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को 16 अगस्त तक ई-केवाईसी करानी होगी। ऐसा नहीं करने पर वे घरेलू दर पर सिलेंडर लेने के पात्र नहीं रहेंगे और उन्हें गैर-घरेलू (कॉमर्शियल) दर चुकानी होगी। प्रदेश में आईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के 1.85 करोड़ उपभोक्ताओं में से करीब 40 लाख ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। मोहन गैस डिस्ट्रीब्यूटर देवली के मालिक पंकज शर्मा और नीरज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि तेल कंपनियों के अनुसार अब तक करीब 80% उपभोक्ताओं का सत्यापन हो चुका है। जिनकी ई-केवाईसी नहीं हुई, उनमें कई उपभोक्ता दिए गए पते पर नहीं रहते, सिलेंडर लेना बंद कर चुके हैं, मोबाइल नंबर बदल चुके हैं या तबादले के बाद दूसरी जगह चले गए हैं। ऐसे कनेक्शनों के सत्यापन के लिए दोबारा ई-केवाईसी अभियान चलाया जा रहा है।
2765 रु. में मिलेगा सिलेंडर, 16 तक KYC होगी…
ई-केवाईसी 16 अगस्त तक नहीं कराई तो घरेलू सिलेंडर नहीं मिलेगा। ऐसे में 2765.50 रुपए वाला 19 किलो का कॉमर्शियल सिलेंडर खरीदना ही विकल्प होगा। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल सरकार ने 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की दर निर्धारित नहीं की है। इसका फैसला फैसला 16 अगस्त के बाद होगा। इसके अलावा ऐसे उपभोक्ता, जो प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत राज्य में 450 रुपए में सिलेंडर प्राप्त कर रहे हैं, उन्हें भी बिना केवाईसी के महंगा ही सिलेंडर लेना होगा। उन्हें सब्सिडी की राशि भी ट्रांसफर नहीं की जाएगी। ई-केवाईसी नहीं कराने पर डोमेस्टिक रेट पर सिलेंडर लेने के पात्र नहीं होंगे। उज्ज्वला उपभोक्ता भी इसमें शामिल होंगे।







