देवली:-(बृजेश भारद्वाज )। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आज विज़न आयुर्वेद चिकित्सालय, देवली में आयुर्वेद के प्रति जनजागरूकता एवं स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को प्रसारित करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारियों,संस्थान के निदेशक कपिल सिंघल, प्राचार्य लालाराम, चिकित्सालय प्रभारी वैद्य राजेश शर्मा एवं शिक्षकों ने भगवान धन्वंतरि का पूजन कर आयुर्वेद की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों की चिकित्सा तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य संरक्षण, रोगों की रोकथाम तथा संतुलित एवं स्वस्थ जीवनशैली का समग्र विज्ञान है।
अनसूया शर्मा द्वारा आयुर्वेद के महत्व को रेखांकित करती हुई कविता का पठन किया गया। कार्यक्रम के अगले चरण में आयुष के विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाते हुए औषधीय महत्व के पौधों—तुलसी एवं करी पत्ता—के गमले संस्थान की ओर से विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों को भेंट किए। इस पहल के माध्यम से औषधीय पौधों के संरक्षण एवं दैनिक जीवन में उनके महत्व का संदेश दिया गया। इसके पश्चात संस्थान के वनौषधि उद्यान में विभिन्न औषधीय महत्व के पौधों का वृक्षारोपण किया गया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेते हुए आयुर्वेद की वनौषधि परंपरा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।







