देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। राजस्थान भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) परिवार की ओर से देवली शाखा के वित्तीय सलाहकार सुरेश अग्रवाल जिन्हें मलेशिया में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक सेमिनार के लिए चयनित किया गया है। अग्रवाल ने अपने समर्पण और मेहनत से उत्कृष्ठ उपलब्धियाँ हासिल की हैं।
उन्होंने 42 से अधिक परिवारों के जीवन को सुरक्षित किया है और एलआईसी के विभिन्न उत्पादों के माध्यम से 200 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का प्रबंधन कर रहे हैं। उनकी सेवाएँ और विश्वास ने उन्हें देवली क्षेत्र का एक प्रमुख वित्तीय सलाहकार बना दिया है। इस अवसर पर उनके मार्गदर्शक एवं विकास अधिकारी रंजीत गोठवाल ने उनकी कार्यशैली और वित्तीय योजना बनाने की अनूठी पद्धति की सराहना की। उन्होंने कहा कि अग्रवाल की सफलता एलआईसी की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है जिसके तहत आम जनता को हर प्रकार की वित्तीय योजना उपलब्ध कराई जाती है।
यह गौरव की बात है कि जयपुर मंडल के 15,000 से अधिक सलाहकारों में से केवल सुरेश अग्रवाल को इस प्रतिष्ठित सेमिनार में भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ है। अपने संदेश में अग्रवाल ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आगे भी देवली एवं आसपास के लोगों को वित्तीय रूप से सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। एलआईसी परिवार को उन पर गर्व है और यह सम्मान उनके समर्पण तथा ग्राहकों के प्रति निष्ठा का प्रतीक है।


