देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। पशु कल्याण एवं गोसेवा के प्रति अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता निभाते हुए आर.आर. कॉलेज ऑफ वेटरिनरी एंड एनिमल साइंस, देवली की पशु चिकित्सा टीम ने कुचलवाड़ा गोशाला में पहुंचकर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया। इस दौरान विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित पशुओं की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। चिकित्सा दल ने गोशाला में मौजूद पशुओं के स्वास्थ्य की विस्तृत जांच की तथा उनकी देखभाल, पोषण एवं रोगों की रोकथाम संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं समय पर उपचार से पशुओं को स्वस्थ एवं उत्पादक बनाए रखने में सहायता मिलती है। इस अवसर पर डॉ. हसन, डॉ. मोनिका एवं पशुधन सहायक रामदेव धाकड़ ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए पशुओं का उपचार किया। चिकित्सकों ने गोशाला प्रबंधन को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन एवं स्वच्छता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी। गोशाला प्रबंधन ने चिकित्सा दल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की सेवाएं पशुओं के संरक्षण एवं कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उपचार शिविर के माध्यम से अनेक पशुओं को लाभ मिला तथा गोशाला कर्मियों को पशु स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। पशु चिकित्सा टीम ने भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं पशुहित कार्यक्रमों के माध्यम से पशुपालकों एवं गोशालाओं को अपनी सेवाएं उपलब्ध कराने का विश्वास दिलाया।






