ग्राम पंचायत बंथली – विकास का अनुकरणीय मॉडल।

देवली/बंथली:-(बृजेश भारद्वाज)। श्याम सिंह राजावत की पहल पर ग्राम पंचायत बंथली में अनेक ऐतिहासिक एवं जनहितकारी विकास कार्य किए गए। माँ पूर्णप्रज्ञा लाइब्रेरी की स्थापना कर ग्रामीण युवाओं को आरओ पेयजल, वाई-फाई एवं अन्य आधुनिक सुविधाओं सहित उत्कृष्ट अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया गया, जिससे उन्हें सरकारी नौकरियों की तैयारी का बेहतर अवसर मिला। मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष हवाई यात्रा के माध्यम से दिल्ली भ्रमण कराया गया तथा उन्हें संसद भवन, राष्ट्रपति भवन, इंडिया गेट सहित अनेक ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व के स्थलों का भ्रमण कराया गया, जिससे उनमें ज्ञान, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय चेतना का विकास हुआ। ग्राम पंचायत क्षेत्र में खेतों तक जाने वाले अधिकांश रास्तों पर वर्षों से हुए अतिक्रमण को ग्रामीणों की सहमति एवं सहयोग से हटवाकर सार्वजनिक मार्गों को पुनः सुगम बनाया गया, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली। इसके अतिरिक्त नदी किनारे सुंदर सार्वजनिक पार्क का निर्माण, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रार्थना स्थल हेतु विशाल डोम (टिन शेड) की स्थापना, सामुदायिक भवन एवं बड़े टिन शेड का निर्माण, आधुनिक एवं सुव्यवस्थित श्मशान घाट का निर्माण, कब्रिस्तान की चारदीवारी का निर्माण तथा अनेक जनहितकारी विकास कार्य कराए गए। साथ ही ग्राम पंचायत बंथली में सर्वाधिक पट्टों का वितरण कर एक उल्लेखनीय रिकॉर्ड स्थापित किया गया। ये सभी कार्य ग्राम पंचायत बंथली को ग्रामीण विकास, शिक्षा, जनसुविधाओं, सुशासन एवं जनसहभागिता का एक प्रेरणादायक और अनुकरणीय मॉडल बनाते हैं।

बंथली का सार्वजनिक पार्क बना आकर्षण का केंद्र….

ग्राम पंचायत बंथली में नदी किनारे विकसित किया गया सार्वजनिक पार्क आज ग्रामीणों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है। पार्क का नियमित एवं व्यवस्थित रखरखाव किया जा रहा है, जिससे इसकी सुंदरता लगातार बनी हुई है।
पार्क में विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया है। इसकी विशेष पहचान नवग्रह वाटिका है, जिसमें ग्रह-नक्षत्रों से संबंधित पौधों का वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से रोपण किया गया है। यह वाटिका पार्क को एक विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। सुंदर हरियाली, स्वच्छ वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य से युक्त यह सार्वजनिक पार्क ग्राम पंचायत बंथली के विकास एवं पर्यावरण संरक्षण की सोच का एक अनुकरणीय उदाहरण बन गया।

माँ पूर्णप्रज्ञा लाइब्रेरी- ग्राम पंचायत बंथली श्याम सिंह राजावत की पहल से ग्रामीण युवाओं के लिए आधुनिक अध्ययन का उत्कृष्ट केंद्र बन चुकी है। यहाँ आरओ पेयजल, वाई-फाई तथा अन्य सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध हैं। इस पुस्तकालय ने विद्यार्थियों को सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण प्रदान किया है। यह ग्रामीण विकास का एक अनुकरणीय उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *