देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नासिरदा में शनिवार को करियर मार्गदर्शन एवं प्रेरणा कार्यक्रम के साथ प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके भविष्य और करियर को लेकर सही दिशा एवं मार्गदर्शन प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. प्रह्लाद धाकड़, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष (मेडिसिन), आर.यू.एच.एस. मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, जयपुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए आत्मानुशासन, ईमानदारी, धैर्य और मेहनत बेहद जरूरी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करने तथा उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारी शंकर गुर्जर, परशुराम सैनी, अर्बन डेवलपमेंट ऑफिसर प्रताप नगर तथा अरुण जांगिड़, एईएन विद्युत विभाग केकड़ी ने भी विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में सुरेंद्रनामा, संयोजक, स्वदेशी जागरण मंच की भी सहभागिता रही। मार्गदर्शन सत्र के बाद विद्यार्थियों ने वक्ताओं से अपने करियर और भविष्य से जुड़े सवाल पूछे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुसार करियर का चुनाव करने की सलाह दी। कार्यक्रम में सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य भगवान शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ उनके भविष्य और करियर को लेकर सही दिशा एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था।






