देशभक्ति के रंग में रंगी कर्मस्थली, हर्षोल्लास से मनाया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह।

देवली/सरोली:-(बृजेश भारद्वाज)। शिव शिक्षा समिति, सरोली में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रभक्ति,उत्साह एवं गौरवपूर्ण वातावरण के बीच बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में हजारों विद्यार्थियों, अभिभावकों, ग्रामवासियों, क्षेत्रवासियों, शाला परिवार एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता कर स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को यादगार बनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात आमंत्रित अतिथियों, प्रबंधन टीम एवं विद्यार्थियों की सामूहिक उपस्थिति में राष्ट्रगान के साथ ध्वजारोहण किया गया। तिरंगे को सलामी देते हुए विद्यार्थियों ने अनुशासित एवं आकर्षक परेड संचलन प्रस्तुत किया। समारोह का विशेष आकर्षण पिरामिड प्रदर्शन रहा। शिव बालक एवं बालिका छात्रावास के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत अद्भुत पिरामिड कला, शानदार तालमेल, अनुशासन एवं साहस ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की इस प्रस्तुति को दर्शकों ने करतल ध्वनि से सराहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशामुक्ति, शिक्षा, राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत राजस्थान के लोकगीतों एवं देशभक्ति गीतों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को नशामुक्ति, शिक्षा के महत्व तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का प्रभावी संदेश दिया। समारोह के दौरान माता-पिता, गुरुजनों, सेवानिवृत्त शिक्षकों, गौरव सेनानियों एवं आमंत्रित विशिष्ट अतिथियों का देशभक्ति के रंग में रंगे साफे, माल्यार्पण एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर दूनी के मजिस्ट्रेट महोदय, दूनी तहसीलदार महोदय, देवली उपाधीक्षक मदन ढाका, घाड़ थाना अधिकारी, सेवानिवृत्त शिक्षक, गौरव सेनानी, ग्रामवासी, क्षेत्रवासी एवं शाला परिवार सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। आमंत्रित अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ अपने प्रेरणादायी विचार साझा करते हुए स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, शिक्षा, अनुशासन एवं संस्कारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, परेड एवं पिरामिड प्रदर्शन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। समारोह में देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण, हजारों विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति और विद्यार्थियों की अद्भुत प्रतिभा ने शिव शिक्षा समिति सरोली की कर्मस्थली को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम ने उपस्थित सभी लोगों में देशप्रेम, एकता, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक प्रबल किया। शिव शिक्षा समिति सरोली का यह भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह विद्यार्थियों की प्रतिभा, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी संगम बनकर स्मरणीय रहा। पधारे सभी अतिथियों का शिव शिक्षा समिति के निदेशक शिक्षाविद डॉ. शिवजी लाल चौधरी ने हार्दिक आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *