* अब 1 सितंबर को देवली से रवाना होगी यात्रा, 2 सितंबर को सांवरिया सेठ धाम पर होगा ध्वजारोहण…
देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। नगरपालिका चुनाव को देखते हुए श्री सांवरिया सेठ डाक निशान यात्रा की पूर्व निर्धारित तारीख में बदलाव किया गया है। अब श्री सांवरिया सेठ डाक निशान यात्रा 1 सितंबर को देवली से रवाना होगी और 2 सितंबर को श्री सांवरिया सेठ धाम पहुंचकर ध्वजारोहण किया जाएगा। श्री सांवरिया सेठ डाक निशान यात्रा सेवा समिति के व्यवस्थापक अतीश थारवान ने बताया कि पहले यात्रा 8 सितंबर को देवली से रवाना होकर 9 सितंबर को श्री सांवरिया सेठ धाम पहुंचने वाली थी, लेकिन 9 सितंबर को नगरपालिका चुनाव का मतदान होने के कारण श्रद्धालुओं की सुविधा और चुनाव प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए यात्रा की तारीख में बदलाव किया गया है। उन्होंने बताया कि भगवान श्री सांवरिया सेठ के प्रति श्रद्धा, आस्था और समर्पण के प्रतीक इस डाक निशान यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। श्रद्धालु पवित्र ध्वजा (निशान) को कंधे पर लेकर करीब 84 कोस की दूरी लगभग 31 घंटे में पैदल तय करते हुए श्री सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचेंगे। वहां विधि-विधान के साथ ध्वजारोहण कर भगवान से क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की जाएगी। अतीश थारवान ने बताया कि यात्रा को लेकर समिति की तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। समिति सदस्यों ने नगरपालिका चुनाव को लेकर आमजन से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। समिति की ओर से सभी मतदाताओं से 9 सितंबर को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा क्षेत्र के विकास और बेहतर भविष्य के लिए योग्य जनप्रतिनिधि का चुनाव करने का आह्वान किया गया। आयोजित बैठक में समिति के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






