आदर्श इंडियन पब्लिक स्कूल, देवली में हर्षोल्लास से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। आदर्श इंडियन पब्लिक स्कूल, देवली में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं पौराणिक प्रसंगों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के डायरेक्टर मोहित अग्रवाल, को-डायरेक्टर  रेखा मंगल एवं प्रधानाचार्या  राजेंद्र कौर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान छोटे-छोटे बच्चे राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। विद्यार्थियों द्वारा श्रीकृष्ण जन्म की झांकियां प्रस्तुत की गईं। इसके साथ ही भगवान विष्णु के नृसिंह अवतार, भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति तथा हिरण्यकश्यप के वध का जीवंत मंचन विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने खूब सराहा।जन्माष्टमी समारोह का विशेष आकर्षण दही-हांडी फोड़ कार्यक्रम रहा। विद्यालय के P.T.I.  चेतन कुमार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने शानदार पिरामिड बनाकर दही-हांडी फोड़ी। इस रोमांचक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को उत्साह एवं उमंग से भर दिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर को-डायरेक्टर श्रीमती रेखा मंगल ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, उनकी बाल लीलाओं तथा कुरुक्षेत्र के युद्ध में श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से दिए गए ज्ञान पर प्रेरणादायी संबोधन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के जीवन एवं गीता के संदेश से प्रेरणा लेकर सत्य, कर्म और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। अंत में प्रधानाचार्या राजेंद्र कौर ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए Vote of Thanks प्रस्तुत किया और कार्यक्रम का समापन किया।विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान “जय श्री कृष्ण” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *