विश्व रेबीज दिवस पर देवली में एंटी-रेबीज अभियान संपन्न, 50 से अधिक बेजुबानों का हुआ टीकाकरण।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। विश्व रेबीज दिवस पर देवली नगरपालिका परिसर में एक विशाल ‘एंटी-रेबीज टीकाकरण एवं चिकित्सा शिविर’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। बेजुबान जानवरों को रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आरआर कॉलेज ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंस (RRCVAS), देवली द्वारा चलाया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में देवली नगरपालिका की चेयरमैन कजोडी देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। यह संपूर्ण जन-जागरूकता एवं चिकित्सा अभियान माइक्रोविजन सोसाइटी के चेयरमैन दिनेश अग्रवाल जी तथा निर्देशिका नीलू अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित किया गया।
आरआर कॉलेज ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंस के अधिष्ठाता (डीन) डॉ. एम. के. चौधरी की देखरेख में कॉलेज के क्लिनिकल फैकल्टी और चतुर्थ वर्ष के छात्र-छात्राओं ने इस शिविर में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दीं। चिकित्सकों और विद्यार्थियों की टीम ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करते हुए कुल 54 जानवरों का सफल टीकाकरण एवं आवश्यक उपचार किया। इनमें लगभग 42 कुत्ते, 11 बिल्लियां और एक खरगोश शामिल रहे। इसके साथ ही, वहां मौजूद पशुपालकों और आमजन को रेबीज से बचाव, जानवरों के सही समय पर टीकाकरण के महत्व और उनके बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन के प्रति जागरूक भी किया गया।
मुख्य अतिथि कजोड़ी देवी ने भी कॉलेज प्रबंधन, चिकित्सकों और छात्रों की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे शिविर शहर को सुरक्षित और पशुओं को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों, चिकित्सकों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *