नगर पालिका देवली के नौ दिवसीय डांडिया एवं गरबा महोत्सव का भव्य शुभारंभ।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। नगर पालिका देवली द्वारा आयोजित नौ दिवसीय डांडिया एवं गरबा महोत्सव का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष कजोड़ी देवी, उपाध्यक्ष नेमी चंद जैन, समस्त पार्षदगण एवं अधिशासी अधिकारी अमर चंद गुर्जर द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित अतिथियों का आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा माला पहनाकर, दुपट्टा ओढ़ाकर एवं साफा पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया गया।
समिति व्यवस्थापक पंकज जैन ने बताया कि इस नौ दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य शहरवासियों को नवरात्रि के पावन पर्व पर भक्ति, संस्कृति और उत्सव के रंगों से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की बेहतरीन प्रस्तुतियों से उत्साहित होकर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कजोड़ी देवी ने उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं, गरबा महोत्सव में शहर के सैकड़ों बच्चों, युवक-युवतियों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पारंपरिक गरबा प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगे परिधानों, डांडिया की खनक और माता रानी के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली और पूरा पंडाल खचाखच भरा नजर आया। नवरात्रि के इस उत्सव ने देवली में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक उल्लास का भी अनूठा संगम प्रस्तुत किया। फिलहाल, नगर पालिका देवली द्वारा आयोजित यह नौ दिवसीय डांडिया महोत्सव आगामी दिनों में भी शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहेगा। नवरात्रि के रंगों और माता रानी की भक्ति के साथ देवली में उत्सव का माहौल बना हुआ है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *