भीषण अग्निकांड:-दुकान का करीब 15 लाख का माल जलकर स्वाहा।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। शहर के बीचो-बीच दीपावली की रात एक बड़ा अग्निकांड होने से लोगों में दहशत फैल गई। अग्रवाल धर्मशाला अरोड़ा हॉस्पिटल वाली गली स्थित बसंत फैंसी स्टोर में देर रात भीषण आग लगने से कई वर्ग फीट में फैली होजरी, फुटवियर और तिरपाल की होलसेल दुकान का समूचा स्टॉक जलकर राख हो गया।

गनीमत यह रही कि व्यापारी राजकुमार मित्तल की मां सीता देवी की सूझबूझ से उनकी जान बच गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार, व्यापारी राजकुमार मित्तल ने रात 10 बजे अपनी दुकान मंगल की थी। देर रात लगभग 3 बजे, दुकान के पिछले हिस्से में सो रहीं उनकी मां सीता देवी को धुएं का पता चला। उन्होंने तुरंत ऊपरी मंजिल पर सो रहे अपने बेटे राजकुमार को जगाया। जब तक राजकुमार नीचे आते, आग विकराल रूप ले चुकी थी और दुकान के आगे-पीछे से धुएं के साथ आग की लपटें निकल रही थीं। राजकुमार मित्तल ने तुरंत नगर पालिका दमकल केंद्र पहुंचकर कर्मचारियों को सूचना दी। नगर पालिका की दमकल मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ से 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

होजरी, फुटवियर, तिरपाल और अंडरगारमेंट्स का समूचा होलसेल स्टॉक जलकर राख हो चुका था। आग की लपटें इतनी भयानक थी कि दुकान के पिछले कमरे तक पहुंच गईं, जहां रखा लैपटॉप, सोफा सेट, पंखा, एलईडी टीवी और यहां तक कि दुकान का प्लास्टर भी जलकर गिर गया। पीड़ित व्यापारी राजकुमार मित्तल ने बताया कि उन्हें कम से कम 15 लाख का नुकसान हुआ है। सबसे बड़ा खतरा उनकी मां सीता देवी को था, जो पीछे के कमरे में सो रही थीं। वह कमरा और डबल बेड भी आग की चपेट में आ गया था। यदि मां समय रहते बाहर नहीं निकलतीं, तो उनकी जान भी जा सकती थी।

उन्होंने यह भी बताया कि मां के सोने के टॉप्स भी आग की राख और कचरे में दब गए हैं। सूचना मिलते ही व्यापार महासंघ अध्यक्ष पंकज जैन सर्राफ़, पदाधिकारी प्रमोद मंगल और व्यापारी तेजेंद्र पारीक समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और नुकसान की जानकारी ली। व्यापार महासंघ ने पीड़ित व्यापारी को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। व्यापार महासंघ अध्यक्ष ने पीड़ित व्यापारी से समूचे घटनाक्रम की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *