देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, जहाजपुर के लिए गर्व का विषय है कि विद्यालय के तीन होनहार विद्यार्थियों ने अन्तरराष्ट्रीय हिन्दी ओलम्पियाड 2025 के प्रथम चरण में विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि जहाजपुर ब्लॉक भी गौरवान्वित हुआ है। विद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं लाइब्रेरियन जयलाल मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि हिन्दी ओलम्पियाड फाउंडेशन नई दिल्ली के तत्वावधान में विद्यालय स्तर पर कक्षानुसार आयोजित इस अन्तरराष्ट्रीय हिन्दी ओलंपियाड प्रतियोगिता 2025 के प्रथम चरण में कुल 27 विद्यार्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के दौरान अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि को प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों मे कल्पना जाट पुत्री हेमराज जाट निवासी बावड़ी, सुमित कुमार धाकड़ पुत्र कालूराम धाकड़ निवासी -पलासिया, उत्कर्ष खटीक पुत्र जयसिंह खटीक निवासी जहाजपुर शामिल हैं।
तीनों विद्यार्थियों ने हिन्दी विषय में उत्कृष्ट ज्ञान, भाषा कौशल और बौद्धिक क्षमता का परिचय देते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। विद्यार्थियों की इस सफलता में विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक अशोक कुमार मीणा का विशेष मार्गदर्शन रहा, जिनके निर्देशन और प्रेरणा से विद्यार्थियों ने यह मुकाम हासिल किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेम प्रकाश मीणा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थी विद्यालय की पहचान होते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं। प्रधानाचार्य ने इस अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार को भी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी। विद्यालय परिसर में इस सफलता को लेकर हर्ष का माहौल है। शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने तीनों विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

